लक्सर। लक्सर शुगर मिल के अधिकारियों के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बुधवार को शुगर मिल की तीनों यूनियनों के पदाधिकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा काटा। उन्होंने तौल केंद्र बंद करा कर धरने पर बैठ गए। तौल केंद्र बंद होने की वजह से गन्ना लेकर आए किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अपने वाहनों को लक्सर हरिद्वार नेशनल हाईवे पर खड़ा कर के जाम लगा दिया। सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को शांत कर जाम खुलवाया।
मंगलवार को अकोढ़ा कला गांव निवासी एवं किसान नेता जयपाल सिंह का बेटा मिल में गन्ना लेकर आया था। मिल अधिकारियों ने उसके गन्ने को सामान्य प्रजाति का होने की वजह से खरीदने से इंकार कर दिया था। इसके बाद जयपाल सिंह अपने बेटे भूपेंद्र व पोते अनुज के साथ शुगर मिल पहुंच गए थे । उन्होंने गन्ना महाप्रबंधक सुरेश शर्मा व प्रबंधक गन्ना बृजेश राठी व शिफ्ट इंचार्ज तीरथ सिंह के साथ मारपीट की थी। मिल अधिकारियों ने तीनों के खिलाफ लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। मिल अधिकारियों के साथ मारपीट करने और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज चीनी मिल की तीनों यूनियनों के पदाधिकारियों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। गुस्साए यूनियन के पदाधिकारियों व तौल बाबुओं ने शुगर मिल गेट पर पहुंचकर जमकर हंगामा काटा तथा मिल का तौल केंद्र बंद करा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मिल परिसर में ही धरने पर बैठ गए। मिल का तौल केंद्र बंद होते ही मिल परिसर व मिल के बाहर शुगर मिल में गन्ना लेकर आए किसानों के वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। परेशान किसान तौल केंद्र बंद होने की जानकारी लेने के लिए मिल में पहुंच गए। किसान तौल कराए जाने की मांग कर रहे थे लेकिन धरने पर बैठे यूनियन के पदाधिकारियों ने किसानों का गन्ना तुलवाने से साफ इनकार कर दिया। इससे नाराज किसानों ने लक्सर हरिद्वार नेशनल हाईवे पर गन्ना वाहनों को खड़ा कर जाम लगा कर हंगामा शुरू कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाल त्रिवेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसानों से जाम खुलवाने की बात कही। पुलिस अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई किए जाने का भरोसा देते हुए जाम खुलवा दिया। मिल परिसर में धरना देने वालों में समय सिंह, धीरज सिंह, प्रमोद कुमार, नाथीराम, अशोक कुमार, तेजपाल, ओम सिंह,नितिन, संदीप, विनोद, सुदेश, योगेश, राजेश, विनय, कीरत सिंह, राहुल, रविंद्रशर्मा, महेंद्र सिंह, सतपाल, जसवीर, गोविंद, पवन गुप्ता, राकेश कुमार, कृपालसिंह, वीर सिंह, मैनपाल, साधूराम, जितेंद्र सिंह, नवाब सिंह आदि मौजूद रहे।