कुंजा बहादुरपुर गांव में शनिवार की रात चोरों ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के 30 पंखे चोरी कर लिए। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। वहीं, विद्यालय में सुरक्षा गार्ड नहीं रखने से ग्रामीणों में रोष है।
कुंजा बहादुरपुर गांव में तीन वर्ष पहले कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बना है। हालांकि अब तक विद्यालय की चहारदीवारी का निर्माण नहीं हुआ है। शनिवार की रात चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर 30 पंखे चोरी कर लिए। रविवार की सुबह कुछ बच्चे विद्यालय प्रांगण में खेलने पहुंचे तो ताले टूटे देख गांव के लोगों को सूचना दी। ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और कमरे में जाकर देखा तो 30 पंखे (सीलिंग फैन) गायब थे। इस पर तत्काल पुलिस और प्रधानाचार्य को सूचना दी।
प्रधानाचार्य आरके चौधरी ने बताया कि सोमवार को तहरीर दी जाएगी। वहीं, चौकी प्रभारी मनोज ममगई ने बताया कि पंखों के चोरी होने की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चौकीदार न होने से ग्रामीणों में रोष
ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय की सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार अथवा चपरासी नहीं रखा गया है। चौकीदार की कमी से विद्यालय को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने रोष जताते हुए विद्यालय में चौकीदार तैनात करने की मांग की है।
चहारादीवारी निर्माण के बाद होगा संचालन
क्षेत्र के मोहितपुर में हाईस्कूल तक आवासीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। कुंजा बहादुरपुर के नए भवन में नौ से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होनी थीं। लेकिन, विभाग की ओर से अब तक इसका संचालन नहीं कराया जा सका है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी भिक्कम सिंह ने बताया कि विद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। चाहरदीवारी बनने के बाद ही विद्यालय का संचालन संभव है।