वैक्सीनेशन को गति देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब डोर टू डोर मुहिम शुरू की है। इसके तहत 20 दिन से विभाग की 28 टीमें घर घर जाकर लोगों को दूसरी डोज लगा रही हैं। इस अवधि में करीब 65 हजार लोगों को कवर किया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीमों ने एक लाख 32 हजार में से करीब एक लाख 14 हजार लोगों को वैक्सीनेशन की पहली डोज और एक लाख 32 हजार में से ही 65 हजार लोगों को दूसरी डोज लगा दी है। वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीमों को घर-घर भेजना शुरू किया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर की 28 टीमें गठित की गई हैं, जो शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण की दूसरी डोज लगा रही हैं। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर आशीष शर्मा ने बताया कि तहसील स्तर पर एक लाख 32 हजार लोगों को पहली डोज लगाई जानी थी। इसमें टीम ने एक लाख 14 हजार लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई है, जबकि एक लाख 32 हजार में से ही अभी तक 65 हजार लोगों को दूसरी डोज लगा दी गई है। दूसरी डोज को शत प्रतिशत करने के लिए टीमें घर-घर जाकर वैक्सीन लगा रही हैं। स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि टीम शीघ्र ही सौ प्रतिशत कोरोना वैक्सीन का लक्ष्य पूरा कर लेगी।