चुड़ियाला। इकबालपुर शुगर मिल का पेराई सत्र समाप्त होते ही कोल्हूओं में गन्ने के दाम भी धड़ाम हो गए हैं। जबकि मिल बंद होने के बाद कोल्हूओं में गन्ने की आवक बढ़ गई है और गन्ने के दाम प्रति क्विंटल 40 से 70 रुपये कम कर दिए गए हैं।
क्षेत्र के तेज्जूपुर गांव में गन्ने के लगभग 40 कोल्हू हैं। यह कोल्हू प्रतिवर्ष मिल से एक माह पहले व एक माह बाद तक चलते हैं। मिल चलने से पहले कोल्हू संचालक किसानों से औने-पौने दामों में गन्ना खरीदते हैं। जब पेराई सत्र शुरू हो जाता है तो किसान मिलों की ओर रुख कर देते हैं। इससे कोल्हूओं में भी दाम बढ़ जाते हैं, लेकिन तीन दिन पहले इकबालपुर मिल का पेराई सत्र पूरा होने पर कोल्हू संचालकों ने गन्ना पहले की अपेक्षा कम दामों पर खरीदना शुरू कर दिया है। दो दिन में ही संचालकों ने गन्ने के दाम 40 से 70 रुपये प्रति क्विंटल गिरा दिए हैं। उधर, कोल्हू मालिक शहीद, शब्बबीर आदि का कहना है कि लगातार मौसम खराब होने से गन्ने की खरीदारी कम कर रहे हैं। गर्मी भी अधिक होने लग गई है। गन्ना सूखने की आशंका पर जरूरत के अनुसार गन्ना खरीदा जा रहा है।