ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने विधायक देशराज कर्णवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर मेरे चैंपियन होने के सबूत देखते हैं तो कर्णवाल हिम्मत करके सुबह नेहरू स्टेडियम में आकर हाथ मिलाकर दिखाए। तब पता चल जाएगा कि वह चैंपियन हैं या नहीं। विधायक चैंपियन ने अपने कैंप कार्यालय पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए दावा किया कि उनके समर्थन में क्षेत्र से ही नहीं बल्कि यूपी से भी लोग रुड़की पहुंचे हैं और वह कर्णवाल को कड़ा जवाब देंगे।
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के बीच चल रहा विवाद बड़ा रूप धारण करता जा रहा है। दोनों ही विधायक एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए तीखे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। विधायक चैंपियन ने कैंप कार्यालय पर प्रेस वार्ता करते हुए विधायक कर्णवाल के चैंपियन लिखने के सवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर उन्हें चैंपियन होने का प्रत्यक्ष परिणाम चाहिए तो सुबह नेहरु स्टेडियम में आकर उनसे हाथ मिलाए। कहा कि जब देशराज कर्णवाल को पता चल गया कि मैं पढ़ा लिखा हूं और पूरी केस डायरी निकलवाने के साथ ही कोतवाली में बैठकर पुलिस को लंबा कर सकता हूं तो बौखलाहट हो गई। चैंपियन यही ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि देशराज कर्णवाल उनके सामने कहीं भी खड़ा नहीं हो सकते हैं। मैं चार बार का विधायक रहा हूं और सर्वसमाज में मेरी अपनी पहचान है। उन्होंने दावा किया कि आज उनके समर्थन में क्षेत्र के ही नहीं बल्कि यूपी से भी ओबीसी समाज के सैकड़ों लोग उनके कार्यालय पर पहुंचे हैं। जो ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
ओबीसी समाज ने विधायक कर्णवाल के खिलाफ खोला मोर्चा
खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के समर्थन में ओबीसी समाज ने विधायक देशराज कर्णवाल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कर्णवाल पर चैंपियन के खिलाफ अमर्यादित बयान देने का आरोप लगाया। कहा कि ओबीसी समाज के अपमान करने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ओबीसी समाज ने भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री के खिलाफ भी मोर्चा खोलते हुए तत्काल गिरफ्तारी होने व पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
शुक्रवार को विधायक चैंपियन के पक्ष में ओबीसी समाज के सैकड़ों लोग उनके कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए और एक बैठक आयोजित की। बैठक में कहा कि विधायक देशराज कर्णवाल ने 22 मार्च को विधायक चैंपियन के खिलाफ अमर्यादित बयान दिए हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री मनोज त्यागी ने जो अभद्रता की है उसकी सजा मिलनी चाहिए। बैठक में ओबीसी समाज के लोगों ने मनोज त्यागी की तत्काल गिरफ्तारी किए जाने की मांग की। बैठक में चेतावनी दी यदि उनकी मांगें जल्द ही पूरी नहीं हुई तो ओबीसी समाज सड़कों पर उतरकर सत्याग्रह करेगा। साथ ही तीन जिलों देहरादून, उधम सिंह नगर व हरिद्वार उग्र आंदोलन किया जाएगा। बैठक में संजय गुर्जर, राकेश प्रधान, ध्रुव सिंह, अर्जुन सिंह, ब्रहम सिंह, सोनू कश्यप, मान सिंह, मांगेराम, अदेश कुमार, साधूराम, मंगता हसन, बाबूराम, कुर्बान, मुनेश कुमार, श्याम सिंह, रवि कुमार पाल, मानू गुर्जर, जिवयपाल, अमित, प्रवीण समेत आदि मौजूद रहे।