एसटीएफ और मंगलौर पुलिस ने लंढौरा क्षेत्र में नशे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने शिकारपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर एक बाइक से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर दो तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
एसटीएफ निरीक्षक भवानी शंकर पंत को सूचना मिली थी कि बहादराबाद निवासी फारूक अपने साथी के साथ बाइक पर नशे की खेप लेकर आने वाला है। पुलिस टीम ने जब आईटीआई की ओर से आ रही बाइक को रुकने का इशारा किया तो तस्करों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ा और बाइक पर रखा दवाओं का डिब्बा नीचे गिर गया। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर आरोपी खेतों में भाग गए।
पुलिस ने मौके से बरामद डिब्बे को खोला तो उसमें 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। सूचना पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर हरीश ने दवाओं की जांच की और इन्हें एनडीपीएस एक्ट के दायरे में प्रतिबंधित बताया। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि फरार आरोपियों की नीले-काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स बाइक को जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपी फारूक और उसके साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।