भोगपुर और खानपुर ब्रह्मपुर गांव में आग लगने से करीब 18 ग्रामीणों के छप्पर और पशुशाला जलकर राख हो गई। जिसमें छह पशुओं सहित लाखों रुपये का सामान जल गया। अग्निशमन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। उपजिलाधिकारी लक्सर ने भी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
भोगपुर गांव निवासी प्रेमसिंह के बच्चे रविवार दोपहर करीब 11 बजे अपने छप्पर में खाना बना रहे थे, खाना बनाते समय अचानक छप्पर में आग लग गई। छप्पर में आग लगी देख बच्चे शोर मचाते हुए भाग निकले। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उस ओर दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग ने विशाल रूप धारण कर लिया।
ग्रामीणों ने आग की जानकारी फायर बिग्रेड को दी। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से करींब दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक प्रेमसिंह के छप्पर के साथ-साथ आशाराम, बाबूराम, बबलू, मोकासिंह के छप्पर भी जलकर राख हो गए। साथ ही एक गाय भी जलकर मर गई। आग से करीब एक लाख रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया।
दूसरी ओर खानपुर ब्रह्मपुर गांव में भी दोपहर करीब एक बजे शकील के छप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विशाल रूप धारण कर लिया और करीब 13 छप्परों को अपनी चपेट में ले लिया।् छप्परों से अपने सामान को बचाते हुए शफीकन, रेशमा, मुस्तकीम और सईद भी आग में झुलस गए। सूचना पर फायर बिग्रेड की तीन मशीनों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक शकील, सईद हसन, अकरम, असरफ, इकराम अली, शौकत, अय्यूब, मुस्तकीम, भूरा, तसलीम, सहबाज, समीम और मुनीश आदि के छप्पर, तीन भैंस और उसके कटड़े सहित पांच पशु आग में झुलसकर मर गए। साथ ही छप्पर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर और इंजन भी आग में जल गया। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी लक्सर किशनसिंह नेगी ने रावस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। साथ ही आग में झुलसे ग्रामीणों को 108 की मदद से अस्पताल भिजवाया।
आग में शादी का सामान भी जलकर हुआ राख
सुल्तानपुर। आग में शादी का सामान भी जलकर राख हो गया। खानपुर ब्रहमपुर गांव निवासी जरीना के लड़के तसरीफ की शादी बिजनौर जिले के पूरणपुर गांव में एक युवती के साथ तय हुई थी। तसरीफ को 28 अप्रैल को बारात लेकर जिला बिजनौर जाना था। शादी की तारीख नजदीक आने के कारण जरीना ने शादी का सारा सामान लाकर घर में रख लिया था। आग लगने से शादी का सारा सामान आग में जलकर राख हो गया।