ब्यूरो/अमर उजाला, पिरान कलियर। कलियर में होली का पर्व और जुमेरात एक साथ होने के चलते दरगाह साबिर पाक सहित दरगाह इमाम साहब, किलकिली साहब, पीर गैब अली साहब, अब्दाल साहब पर जायरीनों का हुजूम उमड़ा। जायरीनों ने दरगाहों पर घंटों लाइन में खड़े होकर जियारत की। मान्यता है कि होली पर कलियर में वलियों के दरबार में हाजिरी लगाने से जादू-टोना आदि बलाओं से बचा जाता है।
कलियर में जुमेरात पर बड़ी संख्या में दिल्ली, बरेली, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनोर, पंजाब, हरियाणा, सहारनपुर आदि जगहों से जायरीन बसों से कलियर दरगाह साबिर पाक में जियारत करने के लिए पहुंचे। जायरीनों ने दरगाह साबिर पाक में घंटों लाइन में खड़े होकर जियारत की। वहीं लंगर का प्रसाद चखने के लिए भी भारी भीड़ रही। इसके चलते लंगर में राशन की मात्रा में इजाफा किया गया। कलियर भीड़भाड़ होने की वजह से पीपल चौक गंगनहर पुल, दरगाह इमाम साहब रोड, सोहलपुर रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। बृहस्पतिवार को होली का त्योहार होने के चलते कलियर में भारी भीड़ पहुंची। बताया जाता है कि होली के त्योहार पर जादू टोना करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। इससे बचने के लिए अन्य धर्म के लोग कलियर में वलियों के दरबार में हाजिरी लगाते हैं। वहीं होली की छुट्टी होने के चलते भी जायरीन परिवार के साथ कलियर पहुंचे। दरगाह साबिर पाक सहित अन्य दरगाहों में जायरीनों ने चादर फूल पेश कर अपनी मुरादें मांगी। कलियर थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि जायरीनों की भीड़ देखते हुए दरगाह परिसर, पीपल चौक आदि जगहों पर फोर्स लगाया गया। क्षेत्र में होली के मद्देनजर पूरी व्यवस्था की गई थी। क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।