लक्सर(ब्यूरो)। आदर्श कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी व महिलाओं के बीच चले आ रहे विवाद के मामले में नया मोड़ आ गया हैं। आरोपों से नाराज मंदिर के पुजारी ने अन्न जल त्यागने की चेतावनी दी है।
आदर्श कालोनी में वर्षों पुराना प्राचीन शिव मंदिर है। बताया जाता है कि दुर्गा चौदस के दिन मोहल्ले की कुछ महिलाएं मंदिर में लगी दुर्गा माता की प्रतिमा के वस्त्र बदलने गई थी। जिसका पुजारी ने विरोध करते हुए अगले दिन वस्त्र बदलने की बात कही थी। पुजारी की हरकत से नाराज महिलाओं ने मंदिर परिसर में ही जमकर हंगामा किया था। इस दौरान कुछ अन्य लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर हंगामा किया था। अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। महिलाओं ने मंदिर के पुजारी पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने तथा उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। वही महिलाओं के आरोपों से घिरे मंदिर के पुजारी ने अन्न जल त्याग करने की घोषणा कर दी है। एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने लक्सर कोतवाली पुलिस से दोनों पक्षों बुलाकर मामले का निपटारा कराने के निर्देश दिए हैं।