रुड़की। रामनगर से सोनालीपुरम तक बिछ रही अंडर ग्राउंड विद्युत लाइन के मामले में पेंच फंस गया है। ऊर्जा निगम की ओर से रोड कटिंग चार्ज जमा न कराने पर नगर निगम ने ऊर्जा निगम को नोटिस देकर काम रुकवा दिया है।
रामनगर से सोनालीपुरम तक ऊर्जा निगम को तीन किलोमीटर अंडर ग्राउंड विद्युत लाइन बिछानी है। ऊर्जा निगम रोड कटिंग के लिए नगर निगम कार्यालय में आवेदन किया गया। नगर निगम प्रशासन ने ऊर्जा निगम को तीन किलोमीटर के क्षेत्र में रोड कटिंग के एवज में एक करोड़ 30 लाख रुपये जमा करने को कहा था लेकिन, ऊर्जा निगम ने रोड कटिंग चार्ज जमा किए बिना ही रामपुर से रोड कटिंग का काम शुरू कर दिया था। बिना अनुमति के रोड कटिंग शुरू करने पर नगर निगम प्रशासन ने ऊर्जा निगम को नोटिस भेजकर काम रुकवाया दिया। अब ऊर्जा निगम ने रोड कटिंग की एक करोड़ 30 लाख की राशि को बहुत ज्यादा बताकर मशीन से रोड़ काटकर अंडर ग्राउंड तार डालने की बात कही है। अब ऊर्जा निगम ने नगर निगम से रोड कटिंग का दोबारा इस्टीमेट भेजने की मांग की है।
नगर निगम ने ऊर्जा निगम को रोड कटिंग की जो धनराशि मांगी थी वह ज्यादा थी, ठेकेदार ने रोड कटिंग के बजाय मशीन से रोड कटिंग करने की बात कही है। नगर निगम को रोड कटिंग की धनराशि रिवाइज्ड करने को कहा गया है।
-अनूप सैनी, अधिशासी अभियंता रुड़की शहर