रुडु़की। जिलाधिकारी ने नगर निगम के उन टेंडरों पर लगी रोक हटा दी है, जिनमें जांच के बाद कोई अनियमितता नहीं पाई गई है। जिलाधिकरी ने बताया कि जिन टेंडरों में अनियमितता की बात सामने आई है उनकी जांच जारी रहेगी। ऐसे में अब नगर निगम के 70 टेंडरों को दोबारा जारी करने का रास्ता साफ हो गया है।
करीब तीन माह पूर्व जिलाधिकारी ने शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद नगर निगम की ओर से जारी पांच करोड़ के 84 टेंडरों पर रोक लगा दी थी। डीएम ने बताया था कि टेंडर प्रक्रिया में भारी धांधली हुई है। उन सड़कों का भी टेंडर जारी कर दिया गया है जिन्हें पूर्व में बनाया जा चुका है। साथ ही बड़ी धनराशि के टेंडरों को टुकड़ों में बांटकर जारी करने की भी अनियमितता की गई है। इसके बाद डीएम के आदेश पर एडीएम ने रुड़की पहुंचकर जांच-पड़ताल भी की थी। जिलाधिकरी दीपक रावत ने बताया कि उन टेंडरों पर लगी रोक हटा दी गई है जिनमें जांच के दौरान अनियमितता नहीं पाई गई है, जबकि अनियमितता संबंधी 14 टेंडरों की जांच जारी है। जल्द ही इन टेंडरों के बाबत कार्रवाई की जाएगी।