ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
घर के अंदर जमीन में सोना दबा होने का झांसा देकर एक तांत्रिक ने बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये ठग लिए। महिला ने इसकी जानकारी अपने बेटे को दी तो उसने तांत्रिक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी तांत्रिक से पूछताछ कर रही है। वहीं, पीड़िता के बेटे ने पुलिस को तहरीर दी है।
कलियर क्षेत्र के नगला ईमरती निवासी कय्यूम ने पुलिस को बताया कि करीब छह माह पूर्व उसकी मां की कलियर में लंढौरा निवासी एक तांत्रिक से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि तांत्रिक ने उसकी मां से घर में करोड़ों रुपये का सोना दबा होने की बात कही थी। इतना ही नहीं उसने सोना निकलवाने में मदद करने का झांसा भी दिया। इसके लिए तांत्रिक उसकी मां से तंत्रमंत्र करने के लिए कुछ सामान खरीदने के लिए कहा था। इस पर उसकी मां ने दो हजार रुपये और सोने की बालियां दे दी। इसके बाद उसका घर में आना जाना होने लगा। इसी बीच उसे पता चला कि उसकी मां के खाते में लाखों रुपये पड़े हैं। आरोप है कि उसने घर के अंदर कई बार तांत्रिक क्रियाएं कीं। इसी बीच उसकी मां से करीब चार लाख रुपये लिए। इसके बाद भी सोना नहीं मिलने पर उसने अपने बेटे को मामले की जानकारी दी। बेटे ने तांत्रिक को घर बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। इस पर कुछ परिचितों के साथ मिलकर उसने तांत्रिक को घर पर बुला लिया। तांत्रिक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर तहरीर भी दी। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि मामले में आरोपी तांत्रिक से पूछताछ की जा रही है।