ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक युवक के एटीएम की सेवाएं शुरू करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उसका पर्सनल आइडेंटिफिकेशन नंबर (पिन) पूछकर खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। जानकारी होने पर पीड़ित ने बैंक पहुंचकर पूछताछ की और तत्काल अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। इसके बाद उसने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानीपुरम निवासी विभोर कृष्णा ने पुलिस को दी तहरीर देकर बताया कि उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उसका एटीएम कार्ड बंद पड़ा है। सेवाएं दोबारा शुरू कराने के लिए उसे कुछ जानकारी देनी होगी। झांसे में आकर उसने अपने एटीएम कार्ड का पिन भी बता दिया। थोड़ी देर में उसके खाते से 24 हजार रुपये निकाले जाने के दो अलग-अलग मैसेज आए। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने बैंक पहुंचकर पूछताछ की, जहां पता चला कि उसके खाते से दो किस्तों में रुपये निकाले गए हैं। एटीएम कार्ड ब्लॉक कराने के बाद उसने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। साथ ही मामले को जांच के लिए साइबर सेल भी भेजा जाएगा।