ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर स्थानांतरण में अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इसे दूर नहीं किया गया तो आंदोलन को बाध्य होंगे।
बृहस्पतिवार को संघ केे जिलाध्यक्ष अशोक चौहान ने अन्य पदाधिकारियों के साथ जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ब्रह्मपाल सिंह सैनी के कार्यालय में ज्ञापन देकर कहा कि विभाग की ओर से तीन सूची में स्थानांतरण किया जा रहा है। इसमें जूनियर के सहायक सुगम से दुर्गम, माध्यमिक के सहायक दुर्गम से सुगम और प्राथमिक विद्यालय के सहायक दुर्गम से सुगम में किए जा रहे है, जो न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि आठ सूची में स्थानांतरण होने चाहिए थे। जिसमें जूनियर और प्राथमिक के प्रधानाचार्य और सहायक अध्यापकों की आठ सूची के आधार पर स्थानांतरण होने चाहिए। पदाधिकारियों ने मांग की है कि इसमें सुधार किया जाए। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अशोक चौहान, कोषाध्यक्ष विनय कुमार, जिला महामंत्री जितेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।