ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर
भगवानपुर तहसील में उत्तराखंड लेखपाल संघ से जुड़े सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन किया। साथ ही सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। वहीं, लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते काम के लिए तहसील पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग अपने कार्यों को लेकर इधर-उधर चक्कर काटते रहे।
उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपाल, नायब तहसीलदार सेवा नियमावली में संग्रह अमीन के लिए छह प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग पर बृहस्पतिवार को लेखपालों ने तहसील परिसर में कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान संघ के उपाध्यक्ष अवनीश कुमार ने कहा कि लेखपाल संघ लगातार अपनी मांगों को पूरा करने की मांग करता आ रहा है, लेकिन कोई भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी संघ अपनी मांगों को लेकर 15 जून के बाद अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। इस दौरान रिशुराज राणा, निर्भय जैन, आशीष ममगाईं, विनित कुमार, ओमप्रकाश, रेखा चौहान, देवेश घिल्डियाल, संजय सैनी, रमेश चंद, जय सिंह आदि मौजूद रहे।