अमर उजाला ब्यूरो
मंगलौर। अब इकोपर्क नामक कीटनाशक से डेंगू के मच्छर का खात्मा किया जाएगा। नगर में डेंगू के संदिग्ध रोगी की देहरादून के एक अस्पताल में मौत होने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने इस नई दवाई को मंगाने का निर्णय लिया है।
नगर में मलेरिया की आमद पहले ही हो चुकी है। अब डेंगू के एक संदिग्ध रोगी की मौत होने के बाद डेंगू भी लोगों को डराने लगा है। अब पालिका की ओर से डेंगू का मच्छर एडीज एजिप्टी को नष्ट करने के लिए मैलाथियान जैसी कीटनाशक दवाइयों की फागिंग कराई जा रही थी, लेकिन इससे भी मच्छरों का खात्मा नहीं हो रहा था। गत वर्ष नगर व देहात में डेंगू व चिकनगुनिया ने कहर मचाया था। कई मौतें भी डेंगू से हुई थी। इस बार पालिका की ओर से मच्छरों को मारने के लिए एक नई कीटनाशक दवा खरीद करने का निर्णय लिया है। पालिका ने इस बार इकोपर्क नामक कीटनाशक दवा खरीद का आर्डर दिया है। इस दवा को डेंगू के मच्छर मारने के लिए बेहतर बताया जा रहा है। पालिका के ईओ अजहर अली का कहना हैं कि एक दो दिन में यह दवा उपलब्ध हो जाएगी। उसके बाद नगर में इसका छिड़काव कराया जाएगा।