नगर पंचायत की टीम और नायब तहसीलदार ने मिलकर मेन बाजार व अन्य क्षेत्रों से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान टीम ने सड़क पर सामान रखने वाले 15 दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला। कार्रवाई से कस्बे के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।
झबरेड़ा कस्बा में मुख्य बाजार और कई स्थानों पर दुकानदारों ने अतिक्रमण किया हुआ था। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही थी। इसके बाद दुकानों को अपनी हदबंदी तक सामान रखने की बात कही गई थी लेकिन फिर भी दुकानों ने अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया। शनिवार को अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन और नायब तहसीलदार प्रेम सिंह सैनी की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटवाने का अभियान चलाया।
कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया लेकिन टीम के सामने किसी की भी नहीं चली। दुकानों के आगे सड़क तक समान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया गया है। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस दौरान नायब तहसीलदार प्रेम सिंह सैनी, ओमपाल सिंह, राजेंद्र कुमार, जुल्फान और अभिषेक आदि मौजूद रहे।