भगवानपुर बाईपास मार्ग पर वीमार्क कंपनी के पास ट्रक चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने से ट्रक सड़क से नीचे उतरकर एक खेत में जा घुसा। गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों ने तत्काल चालक को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने दुघर्टना की सूचना ट्रक चालक के परिजनों को दी है।
शुक्रवार रात को इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी उमेश कुमार, हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान और सुनील कुमार चौहान के साथ गश्त कर रहे थे। इस बीच भगवानपुर बाईपास मार्ग बेड़पुर चौक से आगे वीमार्क कंपनी के पास एक 22 टाय वाला ट्रक रोड से उतरकर खेत में मिला। अनहोनी की आशंका पर पुलिस टीम ने पास जाकर देखा तो ट्रक चालक बेसुध अवस्था में सीट पर पड़ा था।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक को बंद करके चालक को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल रुड़की भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। होश में आने पर ट्रक चालक ने अपना नाम बरिंद्र सिंह निवासी होशियारपुर पंजाब बताया था। कहा था कि उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया था। इस करण वह बेहोश हो गया था।