रुड़की। जमीन बेचने का झांसा देकर युवक से 90 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के जादूगर रोड निवासी नीरज गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जमीन लेने के लिए अपने एक परिचित देवेंद्र कुमार से उन्होंने दो साल पहले संपर्क किया। परिचित ने बताया था कि उसकी पत्नी के नाम पर जमीन है, जिसको वह बेचना चाहता है। किसी को अगर लेनी हो तो उसको कम दाम में मिल जाएगी। इस जमीन को उसकी पत्नी को बेचने का पूरा हक है। पीड़ित के अनुसार, वह जमीन दिखाने के लिए उन्हें मंगलौर क्षेत्र के गांव सिमनोली ले गया, जहां उसने बताया कि उसकी पत्नी के नाम पर पौने चार बीघा जमीन है। 25 अप्रैल 2016 को जमीन का सौदा 96 लाख रुपये में तय हुआ।
इसके बाद दस चेकों के जरिये इसमें से 90 लाख रुपये परिचित को दे दिए गए। भुगतान करने के बाद परिचित ने मई 2018 में जमीन के बैनामे की बात कही। कुछ दिन गुजरने के बाद नीरज परिचित के हरिद्वार रोड स्थित कार्यालय गए। आरोप है कि यहां उसने नीरज के साथ गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर जमीन का बैनामा करने और पैसा लौटाने से मना कर दिया। नीरज का कहना है कि चार सितंबर को परिचित तहसील परिसर में मिला। आरोप है कि यहां भी पैसे मांगने पर उसने गाली-गलौज की। साथ ही दोबारा पैसे मांगने पर बदमाशों से गोली मरवाने की बात कही। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर देवेंद्र कुमार और उसकी पत्नी मुनेश निवासी मोहनपुरा रुड़की के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।