अमर उजाला ब्यूरो
झबरेड़ा। मानकपुर- आदमपुर जिला पंचायत सीट पर हो रहे उपचुनाव में प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर वोट मांगे।
शनिवार को कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी कुसुम चौधरी ने मानकपुर गांव में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने घर- घर जाकर मतदाताओं से बातचीत कर उनकी परेशानी पूछी। उन्होंने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होने पर पात्र लोगों की लोन, पेंशन आदि समस्याओं का समाधान किया जाएगा। मोहल्ले की गलियों में जल निकासी का इंतजाम करवाया जाएगा। पक्की सड़कों का भी निर्माण करवाया जाएगा। महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा। इस दौरान चौधरी राजेंद्र सिंह, बरखा देवी, विधायक ममता राकेश, अभिषेक राकेश, सविता चौधरी, रामपाल प्रधान, धर्मपाल चेयरमैन, सत्यपाल सिंह, विजयपाल, सोनू, प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे। वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी सुभाष वर्मा ने क्षेत्र के बालूपुर, तेजूपुर, सुनेहटी गांव में घर- घर जाकर मतदाताओं से वोट देने की अपील की। र्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों और किसानों की हितैषी है। सरकार की ओर से गरीबों और किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। भाजपा नेता सुबोध राकेश ने कहा कि डबल इंजन की सरकार कई विकास कार्य कर रही है। इस दौरान पवन तोमर, महावीर चेयरमैन, सचिन चौधरी, विपिन गर्ग, ऋषिपाल, संजय, राजू आदि मौजूद रहे।
नुक्कड़ सभाओं और डोर टू डोर प्रचार ने पकड़ा जोर
चुड़ियाला। क्षेत्र की मानकपुर- आदमपुर जिला पंचायत सदस्य सीट पर उपचुनाव के लिए रविवार शाम पांच बजे नुक्कड़ सभाओं और बैठकों के जरिए प्रचार पर ब्रेक लग जाएगा। 19 जून को होने वाले मतदान से पहले प्रत्याशियों ने प्रचार में ताकत झोंक दी है। इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा में आमने- सामने की टक्कर के आसार हैं। वहीं इस चुनाव में बसपा की ओर से कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया है। कांग्रेस की ओर से विधायक ममता राकेश, जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी और कलियर विधायक फुरकान धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। वहीं भाजपा की ओर से विधायक देशराज कर्णवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री सुबोध राकेश और जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह प्रत्याशी को जिताने में दिन रात एक कर रहे हैं।