अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की/ लक्सर।
मौसम के बदले मिजाज और झमाझम बरसात के साथ ही बृहस्पतिवार देर शाम से शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल हो गई। घंटों बाद आपूर्ति सुचारु हुई। वहीं, लक्सर क्षेत्र के लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति सुचारु हुई लेकिन फिर दिनभर बिजली की आंखमिचौली जारी रही।
लक्सर तहसील क्षेत्र में विद्युत विभाग की लाख कोशिशों के बावजूद भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। विद्युत कटौती का सिलसिला लगातार जारी है, जिसकी वजह से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार देर रात अचानक बिजली कट हो गई। जिसकी वजह से लक्सर क्षेत्र के सौ से अधिक गांव में अंधेरा पसर गया। लगभग आठ घंटे बाद विद्युत विभाग की ओर से लाइन का फाल्ट ठीक कर विद्युत आपूर्ति चालू की गई। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बाद शुक्रवार को भी शहर और देहात में दिनभर बिजली की आंखमिचौली चलती रही। इस संबंध में ऊर्जा निगम लक्सर क्षेत्र के एसडीओ अमीचंद का कहना है की बारिश की वजह से लाइन में फाल्ट आने से आपूर्ति बाधित रही। दूसरी ओर रुड़की में भी बारिश से रामनगर में फाल्ट आने से घंटों बिजली गुल रही। दूसरी ओर पठानपुरा में ट्रांसफार्मर में आई खराबी से बिजली आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम शहरी खंड के एसडीओ मोहम्मद उस्मान का कहना है कि पठानपुरा में ट्रांसफार्मर में आई खराबी से आपूर्ति बाधित रही, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी बारिश के कारण फाल्ट आने से आपूर्ति प्रभावित हुई।