ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। हरिद्वार लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी के स्वागत कार्यक्रम में खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह का न पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। इस मुद्दे को लेकर दिनभर सियासत होती रही। स्वागत कार्यक्रम में प्रणव के नहीं पहुंचने पर झबरेड़ा विधायक ने खानपुर विधायक के खिलाफ तीखी बयानबाजी की। वहीं, खानपुर विधायक प्रणव ने भी कर्णवाल को आड़े हाथों ले लिया।
गौरतलब है कि विगत दिनों खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपनी पत्नी रानी देवयानी के लिए लोकसभा के टिकट की मांग की थी और उनका आवेदन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को भेजा था। तभी से खानपुर विधायक सत्ता के गलियारों में सुर्खियां बने थे। बृहस्पतिवार को टिकट घोषणा के बाद दिल्ली से लौटते हुए डॉ निशंक का काफिला शुक्रवार को नारसन बॉर्डर पर पहुंचा तो यहां लक्सर विधायक, हरिद्वार ग्रामीण विधायक, झबरेड़ा विधायक, ज्वालापुर विधायक और रुड़की विधायक ने उनका स्वागत किया, लेकिन कार्यक्रम में खानपुर विधायक नहीं पहुंचे। उनके न पहुंचने पर झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल ने कहा कि कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपने चुनाव में कहा था कि मैं राजा नहीं फकीर हूं खादर की तकदीर हूं। अब उन्हें राजशाही छोड़कर मोदी के नेतृत्व में चौकीदार बनना होगा। कहा, ईश्वर उन्हें सद्बुद्धि दें। वहीं दूसरी ओर खानपुर विधायक कुंवर प्रणव ने कर्णवाल के बयान को हास्यास्पद बताया। उनका कहना था कि स्वागत कार्यक्रम में मंत्री मदन कौशिक और विधायक आदेश चौहान भी नहीं थे। झबरेड़ा विधायक मानसिक रूप से संतुलित नहीं है। विधायक चैंपियन ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और मोदी के चौकीदार हैं।