ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने संडीला रेल हादसे में हुई कर्मचारियों की मौत के मामले में कार्रवाई न होने पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई किए जाने की मांग की।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के संडीला रेलवे स्टेशन पर कुछ माह पहले ट्रैक पर कार्य कर रहे लगभग चार कर्मचारियों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई थी। लेकिन इस मामले में अब तक घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे नाराज उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन लक्सर शाखा के अध्यक्ष सुभान खान व सचिव नागेश दीक्षित की अगुवाई में यूनियन के पदाधिकारियों ने रेल विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया। इनका कहना था कि रेलवे ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करते हैं। ट्रैक पर काम करनेवाले कर्मचारियों को सुरक्षा के मानकों के अनुरूप सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यूनियन के दबाव में आकर विभाग ने रेल हादसे में मारे गए कर्मचारियों के परिवार को 25-25 लाख रुपये मुआवजे के रूप में दिया। लेकिन अब तक घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आठ सूत्री मांगों को लेकर सहायक मंडल अभियंता को पत्र भी दिया। ज्ञापन देने वालों में महिपाल, अशोक कुमार, सोहनवीर, चंद्रभान, सचिन कुमार, कय्यूम अहमद, मोनू, सुनील कुमार, जाबिर, नासिर, मुनेश कुमार, विकास कुमार, प्रेमचंद, नरेंद्र कुमार, इंतजार हुसैन, मोहम्मद याकूब, केएल मीणा कुमार सिंह आदि शामिल थे।