मंगलौर। रुड़की नगर निगम के बाद अब मंगलौर पालिका क्षेत्र में भी रात को साफ-सफाई होगी। पहले दिन शुक्रवार रात मुख्य मार्गों पर सफाई करवाई गई। कूड़े का निस्तारण भी रात को किया गया। बाजारों की सफाई भी रात में की जाएगी।
नगर पालिका नगर को स्वच्छ रखने के लिए अब रात को साफ-सफाई कराएगा। शुक्रवार रात से सफाई कार्य शुरू कर दिया गया है। हाईवे, लंढौरा रोड, सर्कुलर रोड पर चुंगी-पांच तक रात में साफ-सफाई की गई। पालिका की गाड़ियों से रात को ही कूड़े का निस्तारण किया गया। सुबह जब लोगों ने चारों तरफ साफ-सफाई देखी तो पालिका के कार्य की सराहना की। इस संबंध में पालिका ईओ अजहर अली ने कहा कि अभी मुख्य मार्गों पर सफाई कराई जा रही है। बाद में नगर के सभी बाजारों में रात में सफाई कराई जाएगी।
स्टील के कूड़ेदान लगाए
नगर में 15 स्टील के कूड़ेदान लगाए गए हैं। इन्हें नगर के प्रमुख चौराहों के अलावा सीएचसी में भी लगाया गया है। इनमें अलग-अलग (सूखे व गीले) कूड़ा डालने की व्यवस्था की गई है। 100 ऐसे ही कूड़ेदान गली-मोहल्लों में लगाए जाएंगे।
एंबेसडर मनोनीत
मंगलौर। नगर पालिका ने मुफ्ती मासूम, कारी नसीम, मौलाना मेराज मेंहदी और अजय किशोर सिंघल को स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एंबेसडर मनोनीत किया है। पालिका ईओ अजहर अली ने बताया कि ब्रांड एंबेसडर बनाए गए नागरिकों का समाज में अच्छा प्रभाव है। यह लोगों को स्वच्छ रहने व नगर को स्वच्छ रखने का संदेश देंगे।