कलियर उर्स के दौरान बृहस्पतिवार को गंगनहर में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आए 10 वर्षीय जायरीन को घाट पर तैनात पीएसी आपदा राहत दल के जवानों ने बचा लिया। बच्चे के सुरक्षित बच जाने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जवानों का आभार व्यक्त किया।
डासना (गाजियाबाद) निवासी अजमेर अली अपने परिवार के साथ उर्स में शामिल होने के लिए कलियर आया हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह उसका 10 वर्षीय पुत्र गंगनहर घाट पर नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। बच्चे को बहता देख घाट पर तैनात पीएसी आपदा राहत दल के जवान तत्काल हरकत में आए और बिना देर किए गंगनहर में उतर गए। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
राहत दल की मुस्तैदी से समय रहते बच्चे की जान बच गई। घटना के बाद पुलिस और आपदा राहत दल ने घाटों पर निगरानी और बढ़ा दी है। उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन गंगनहर घाटों पर पहुंच रहे हैं जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।