बेंगलुरु में आयोजित स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान विवि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय योग ओलंपियाड में दो पदक जीतकर लौटी उत्तराखंड हिमालय योग टीम का जोरदार स्वागत किया गया।
बृहस्पतिवार को हरिद्वार मार्ग स्थित क्षेत्र जीवनी माई धर्मशाला में व्यवस्था परिवर्तन मंच की ओर से आयोजित समारोह में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टीम के सदस्यों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर के योग विभाग के प्रभारी डॉ. विनोद नौटियाल और डॉ. रजनी नौटियाल ने बताया कि एक और दो जनवरी को ओलंपियाड प्रतिस्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर जूनियर वर्ग में अंडर 8-14 में उत्तराखंड बालकों की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
टीम में अभिषेक, अनमोल, प्रणव और आशुतोष शामिल थे। सीनियर बालिका वर्ग अंडर-25 में चंदा, शिवानी, सविता भट्ट, रश्मि चमोली की टीम ने कांस्य पदक अर्जित किया।
स्मृति ईरानी ने किया सम्मानित
उन्होंने बताया कि सभी विजयी प्रतिभागियों को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और यूजीसी के चेयरमैन प्रो. वेदप्रकाश ने पुरस्कृत किया। मंच अध्यक्ष डॉ. नेगी ने बताया कि इस प्रतिस्पर्धा में राज्य की टीम के शामिल होने से उत्तराखंड को योग के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
मौके पर पीजी कॉलेज के योग प्रवक्ता सुरेंद्र प्रसाद रयाल, खुशहाल सिंह, सचिन, अनिल, अंकित राणा, मनोज, दिग्विजय, कविता नेगी, सविता, दीक्षा नेगी, पूनम, अंकित नयाल, आशुतोष कुड़ियाल आदि मौजूद थे।