सूर्यधार मार्ग पर अस्थायी पुलिया बनाने का काम शुरू
जौलीग्रांट। सूर्यधार झील मार्ग पर सिला चौकी के पास जुलाई में अमगड़ खाले में आई भारी बाढ़ के करीब डेढ़ माह बाद लोनिवि की ओर से सूर्यधार झील मार्ग पर गडूल पंचायत के क्षेत्र में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी पुलिया बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। गडूल क्षेत्र से निकलने वाला अमगढ़ खाला पिछले करीब दो वर्ष से भारी उफान के साथ बह रहा है। यह खाला जाखन नदी में जाकर मिलता है। इसी स्थान पर सिला चौकी के पास एक पक्की पुलिया हुआ करती थी। भारी मलबा और पानी आने से पक्की पुलिया बह गई थी जिसके बाद अस्थायी पुलिया का निर्माण करवाया गया था। जुलाई में आई बाढ़ में अस्थायी पुलिया बहने से सिला चौकी, कंड़ोली, खरक, सेबूवाला आदि गांवों का संकर्प थानो- भोगपुर मुख्य मार्ग से कट गया था। हांलाकि सिंचाई विभाग ने तीन जेसीबी की मदद से खाले का पानी डायवर्ट करने का प्रयास किया गया था लेकिन तेज बहाव में यह इंतजाम बह गए थे। लोनिवि के एई सुरेंद्र नेगी ने कहा कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ह्यूम पाइप ड़ालकर अस्थायी पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। कुछ ही दिन में कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
-
कोट-
सिला चौकी के पास ऊंचाई वाले क्षेत्र से तेज पानी के साथ भारी मलबा आने से अस्थायी पुलिया बह गई थी। जिलाधिकारी और सबंधित अधिकारियों से बातचीत के बाद अस्थायी पुलिया निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बाद में पक्की पुलिया बनवाई जाएगी।
- बृजभूषण गैरोला, विधायक डोईवाला