समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने पर महिलाओं ने विशेष गंगा आरती की। ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट की ओर से पूर्णानंद घाट पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। महिलाओं ने यूसीसी लागू करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई दी।
महिलाओं ने यूसीसी को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लिया। कहा कि यूसीसी के लागू होने से धार्मिक, जातीय और सांस्कृतिक भेदभाव को समाप्त करने में मदद मिलेगी। यूसीसी से लिव इन रिलेशन पर अंकुश, पैतृक संपत्ति में समान अधिकार एवं हर संतान व हर महिला को समान अधिकार जैसे फायदे हैं।
ट्रस्ट की डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा यूसीसी ने धर्मों की विशिष्ट मान्यताओं का पूरा सम्मान किया है। विवाह की आयु, विवाह विच्छेद और बेटियों के उत्तराधिकार के लिए एक समान कानून का पालन करना सबके लिए अनिवार्य होगा। ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ज्ञानी ने मुख्यमंत्री धामी की दूरदर्शिता की सराहना की। कहा कि यूसीसी लागू करने से समाज में एकजुटता और भाईचारे को बढ़ावा मिलेगा। केंद्र सरकार से पूरे देश में इसे लागू करने की अपील की। इस अवसर पर पुष्पा शर्मा, आशा डंग, वंदना नेगी, प्रमिला, गायत्री देवी आदि मौजूद रहीं।