ताल घाटी के करीब 12 गांवों का कट गया है ऋषिकेश से सीधा संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
यमकेश्वर। ताल घाटी के 12 गांवों का सीधा संपर्क ऋषिकेश से कटने से परेशानी शुरू हो गई है। मंगलवार को बुकंडी निवासी एक महिला की अचानक तबीयत खराब हो गई। मार्ग बंद होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं आ सकी। उन्हें गांव से त्याडो तक ट्रैक्टर से ले जाना पड़ा। उसके बाद त्याडो से दूसरे वाहन से ऋषिकेश स्थित अस्पताल पहुंचाया गया।
मंगलवार सुबह तीन बजे से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ताल घाटी के करीब 12 गांवों का ऋषिकेश से सीधा संपर्क कट गया है। नाले गदेरे उफान पर हैं। ताल घाटी के लोगों का लिए ऋषिकेश पहुंचने का मुख्य मार्ग विंध्यवासिनी गंगा भोगपुर मार्ग है।
ग्राम प्रधान बुकंडी सीमा देवी ने बताया कि बरसात के कारण विंध्यवासिनी-गंगा भोगपुर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। छोटे वाहन, एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पा रही हैं। मंगलवार को बुकंडी निवासी सुमित्रा देवी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टी हो रही थी। एंबुलेंस का रास्ता न होने के कारण उन्हें गांव से त्याडो तक ट्रैक्टर से ले जाना पड़ा। उसके बाद त्याडो से मैक्स वाहन से त्याडो-दिउली मार्ग से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया गया।