दीपावली पर्व की दस्तक के साथ शहर में अग्निकांड का खतरा भी बढ़ जाता है। लेकिन अग्निशमन विभाग ने आग को बुझाने के लिए अब तक पुख्ता इंतजाम नहीं किए हैं। शहर के अधिकांश फायर हाइड्रेंट खराब पड़े हैं। कुछ लो प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में अगर कहीं आगजनी होती है तो अग्निशमन विभाग आग पर कैसे काबू पाएगा।
दीपावली पर्व के दौरान आतिशबाजी से आगजनी की घटनाओं की आशंका रहती है। कई बार दुकानें और घर भी इनकी आतिशबाजी की चिंगारी की चपेट में आ जाते हैं। शहर में कई ऐसी संकरी गलियां और बाजार है जहां फायर ब्रिगेड के वाहन प्रवेश नहीं कर पाते हैं। ऐसे में शहर में में फायर हाइड्रेंट का दुरुस्त होना बहुत जरूरी है है।
फायर विभाग ने शहर में विभिन्न स्थानों पर 30 फायर हाइड्रेंट लगाए हैं। लेकिन केवल 18 ही चालू हैं। 12 फायर हाइड्रेंट जिसमें पानी प्रेशर ही बहुत कम है। जबकि छह हाईड्रेंट बंद पड़े हुए हैं। फायर विभाग को डीजीबीआर चौक, आदर्शनगर पंप हाउस, योगनगरी रेलवे स्टेशन पर लगे हाइड्रेंट से पानी भरने में सबसे अधिक सहूलियत मिलती हैं।
Iये पड़े हैं बंदI
बड़ा हनुमान मंदिर, हाट रोड श्यामपुर, खैरीकला दून इंस्टीट्यूट के पास, रविदास मंदिर के पास, जय बद्री विशाल ट्रांसपोर्टर कंपनी के पास, क्षेत्र रोड स्थित रमेश किराना के पास, घाट चौक, आदि स्थानों पर फायर हाईड्रेंट बंद पड़े हैं।
Iये जूझ रहे हैं लो प्रेशर की समस्या सेI
रेलवे रोड अंबेडकर मूर्ति के पास, दिल्ली धर्मशाला के पास, कलकत्ते वाली धर्मशाला के पास, मायाकुंड स्थित माथुर वैश्य धर्मशाला के समीप, पुष्कर मंदिर रोड स्थित चौराहे के पास, तिलक रोड स्थित गुरुद्वारे वाली गली के पास, आदर्शनगर ऋषिकेश पंप नंबर तीन, पंजाब सिंध क्षेत्र स्कूल गेट के पास, नार्थ मार्केट श्यामपुर, भरत मंदिर इंटर कॉलेज गंगा नगर तिराहे के पास, इंदिरानगर लीसा डिपो के पास, सोमेश्वर मंदिर पंप हाउस के बाहर लगे फायर हाईड्रेंट में पानी का प्रेशर बहुत कम है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर क्षेत्र में फायर हाइड्रेंट की जांच के लिए जल संस्थान के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। जल्द ही फायर हाइड्रेंट की जांच की जाएगी। लो प्रेशर से जूझ रहे हाइड्रेंट को ठीक किया जाएगा। -सुनील सिंह रावत, प्रभारी एफएसएसओ