बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति का धरना 90वें दिन जारी रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। 14 अप्रैल को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के लोग प्रधानमंत्री से बापूग्राम बचाओ की गुहार लगाएंगे। इसके लिए समिति पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय जनता से देहरादून चलने का आह्वान किया है।
बृहस्पतिवार को बापूग्राम में बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति का धरना 90वें दिन जारी रहा। इसमें बीसबीघा, मीरानगर, गीतानगर, बापूग्राम आदि के लोग शामिल हुए। समिति नेताओं ने कहा कि बापूग्राम को बचाने के लिए धरना करीब तीन महीने से चल रहा है। प्रदेश सरकार क्षेत्रीय लोगों की उपेक्षा कर रही है।
14 अप्रैल को देहरादून में प्रधानमंत्री आ रहे हैं। उन तक क्षेत्रीय लोगों की पीड़ा पहुंचाई जाएगी। इसके लिए समिति के लोग देहरादून के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर रमेश जुगलान, शिवप्रसाद, रामकुमार, दीनदयाल, दिनेश, अविनाश, आशुतोष, कांता प्रसाद जोशी, दिनेश मास्टर आदि मौजूद रहे।