संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में विभागाध्यक्षों का कार्यकाल पूर्ण होने पर नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त विभागाध्यक्षों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा। विवि में कार्यकाल के आधार पर विभागाध्यक्ष पदों पर बदलाव पहली बार हुआ है।
श्रीदेव सुमन विवि में विभागाध्यक्षों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित किया गया है। कार्यकाल अवधि पूर्ण होने पर रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान, भूगोल, गणित व अंग्रेजी विभाग के विभागाध्यक्ष पदों पर बदलाव किया गया है। इस संबंध में बीते 8 सितंबर को कुलपति कार्यालय से आदेश जारी हुए हैं।
रसायन विज्ञान विभाग में प्रो. एसपी सती के स्थान पर प्रो. नीता जोशी, जंतु विज्ञान विभाग में प्रो. देवमणि त्रिपाठी के स्थान पर प्रो. एमएस रावत, भूगोल विभाग में प्रो. दिनेश चंद्र गोस्वामी के स्थान पर प्रो. अंजनी प्रसाद दुबे, गणित विभाग में प्रो. अनीता तोमर के स्थान पर प्रो. दीपा शर्मा व अंग्रेजी विभाग में प्रो. हेमंत कुमार शुक्ला के स्थान पर प्रो. प्रमोद कुमार कुकरेती को विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
परिसर निदेशक प्रो. एमएस रावत ने बताया कि नवनियुक्त विभागाध्यक्षों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। विवि में कार्यकाल के आधार पर यह बदलाव पहली बार हुआ है। विवि की कार्यपरिषद की बैठक में विभागाध्यक्षों का कार्यकाल तीन वर्ष निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव पास किया गया था। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इस एक्ट को विवि में लागू कर दिया गया है, जिसके तहत पांच विभागों में विभागाध्यक्ष पद पर यह बदलाव किया गया है।