स्वामीराम हिमालयन यूनिवर्सिटी जौलीग्रांट में आयोजित तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह का समापन बुधवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हो गया। समारोह के अंतिम दिन छात्र- छात्राओं, फैकल्टी और स्टाफ कर्मियों ने फैशन का जलवा बिखेरा।
इस दौरान केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने एसआरएचयू की ओर से 68 छात्र- छात्राओं को स्पोर्ट्स अवार्ड देकर सम्मानित किया। एसआरएचयू फेस्ट में बुधवार को सांस्कृतिक संध्या में सुरों की महफिल सजी। फैशन शो के दौरान छात्र- छात्राओं और फैकल्टी ने बेहतरीन अदाओं के साथ रैंप पर कैटवॉक किया।
इसके बाद केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा ने छात्र- छात्राओं को स्पोर्ट्स अवार्ड दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एसआरएचयू ने विशिष्ट पहचान बनाई है। डा. स्वामीराम ने हिमालयन इंस्टीट्यूट के रूप में जो पौधा लगाया था, वह आज वट वृक्ष बन चुका है।
केंद्रीय राज्यमंत्री टम्टा ने कहा कि यूनिवर्सिटी शिक्षा के हब के रूप में विकसित हो रही है। कुलपति डा. विजय धस्माना ने यूनिवर्सिटी की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। संस्थापक डा. स्वामीराम के सपने के अनुरूप पर्वतीय क्षेत्र में बेहतर शिक्षा व्यवस्था को बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर मेडिकल कॉलेज की अंकिता उनियाल के कत्थक की शानदार प्रस्तुति दी। सोलो गीत और नृत्य सुरेंद्र टोलिया, प्रेरणा, जॉन, मुकेश शर्मा, गीता सेन, दीपक बिष्ट, नेहा, उपासना, डा. एसआर शर्मा, दीपशिखा, अंजलि रावत, आयुषी ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मानषी, यामिनी, ओमप्रकाश, निराला, शिवानी, हिमानी, मनस्वी आदि मौजूद थे।