थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में डीएम कैंप कार्यालय के समीप गोवा बीच पर नहाने के दौरान यूपी के नोएडा के दो युवक गंगा में बहने लगे। एक युवक को राफ्टिंग गाइड ने बचा लिया लेकिन दूसरे का पता नहीं चल पाया। सूचना पर एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
विज्ञापन
रविवार को यूपी के नोएडा और दिल्ली से तीन दोस्तों का दल तीर्थनगरी घूमने के लिए आया था। दोपहर करीब 3:15 बजे तीनों गोवा बीच पर नहा रहे थे। तभी अचानक दो युवक गंगा के तेज बहाव में बहने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक राफ्ट पर मौजूद गाइड की नजर डूबते युवकों पर पड़ी। उसने तुरंत साहस दिखाते हुए अपनी राफ्ट से एक युवक को बचा लिया लेकिन दूसरा युवक गंगा की तेज धारा में बहकर ओझल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लापता युवक की खोजबीन शुरू की गई।
एसडीआरएफ प्रभारी निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि लापता युवक की पहचान पिंटू शर्मा (24) पुत्र विजयपाल शर्मा, निवासी सोरखा, सेक्टर–115 नोएडा के रूप में हुई। उसके साथ आए अन्य दो युवक अक्षय (18) पुत्र नंदराम सिंह, निवासी सेक्टर–35 नोएडा और दिल्ली के अभिषेक शर्मा (18) पुत्र राकेश शर्मा बताए गए हैं।