कोतवाली पुलिस ने चेन लूट के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लूटी गई चेन बरामद होने का दावा किया है। आरोपियों से एक तमंचा व तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
बीते एक सितंबर को मीरा नगर निवासी सुनील नेगी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। सुनील ने पुलिस को बताया था कि मीरा नगर मुख्य मार्ग पर अपने घर के पास घूमने के दौरान बाइक सवार दो व्यक्ति पीछे से आकर उसके गले से चेन झपटकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की थी।
बीते मंगलवार देर शाम पुलिस ने आईडीपीएल गोल चक्कर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान मोहित सिंह निवासी गांव बंजरिया, थाना शीशगढ, जिला बरेली, हाल किरायेदार गली नं. 14 रूषा फार्म, श्यामपुर, ऋषिकेश व कुलदीप सिंह निवासी ग्राम-भेटुवा, जिला हरदोई हाल किरायेदार पुराने रेलवे स्टेशन के सामने बर्फ फैक्टरी के रूप में हुई है। बताया के आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।