गाजियाबाद से माल लेकर पांवटा साहिब जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर भानियावाला हाईवे पर पलट गया। इससे हाईवे पर जाम की स्थिति बनने से दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस को यातायात व्यवस्था बहाल करने में घंटों पसीना बहाना पड़ा। दोपहर एक बजे के बाद यातायात पूरी तरह बहाल हुआ।
बुधवार को देहरादून भानियावाला हाईवे पर गाजियाबाद से बैटरी लेकर आ रहा ट्रक सुबह करीब साढे़ पांच अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक के सड़क के बीचों बीच पलटने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। ट्रक में काफी तादाद में बैटरियां होने के कारण उसे किनारे करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
यातायात सुचारु कराने के लिए कोतवाली पुलिस के साथ जौलीग्रांट और लालतप्पड़ पुलिस भी जुटी रही। यातायात अवरुद्ध होने से हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने किसी तरह ट्रैक्टरों के जरिये ट्रक को थोड़ा किनारे कर यातायात सुचारु कराया। लेकिन तब तक जाम लगने से कई वाहन फंस गए और ट्रैफिक रुक रुककर चला।
बाद में पुलिस ने ट्रक से माल अनलोड कर क्रेन की सहायता से खींचकर सड़क के एक ओर किया। तब जाकर देहरादून की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिली। दिन में एक बजे के बाद यातायात पूरी तरह से सुचारु हो सका। जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा ने बताया कि सड़क के बीचों बीच पलटने से माल लदे ट्रक को खींचने में समय लगा। व्यवस्था बनाकर यातायात सुचारु किया गया।