भानियावाला-ऋषिकेश मार्ग पर सात मोड़ के समीप पेड़ कटान को लेकर हुए विवाद में वन विकास निगम के स्केलर की तहरीर पर रानीपोखरी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वन विकास निगम के स्केलर मंगता हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 जुलाई को भानियावाला-ऋषिकेश मार्ग पर सात मोड़ क्षेत्र में पेड़ों का कटान कार्य चल रहा था। आरोप है कि शाम करीब चार बजे बड़ी संख्या में लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, मौके पर पहुंच गए। भीड़ में शामिल कुछ अज्ञात लोगों ने स्केलर और श्रमिकों के साथ धक्का-मुक्की की, पेड़ कटान का कार्य रुकवा दिया और उन्हें कुछ समय के लिए बंधक बना लिया।
आरोप है कि इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा डाली गई तथा सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। स्केलर हसन ने पुलिस को बताया कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग वन विकास निगम के कर्मचारियों के पास उपलब्ध है।
उन्होंने वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी कर्मचारी से दुर्व्यवहार करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र खोलिया ने बताया कि शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।