ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान (एम्स) में आयोजित समारोह में संस्थान के अध्यक्ष प्रो. समीरन नंदी ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं को शुरू किया। इनमें अतिरिक्त रेडियो थैरेपी लीला मशीन, कैप्सून एंडोस्कोपी सर्विस, डिजिटल पोर्टेबल एक्स-रे, ऑटो वॉक समेत कई सुविधाएं शामिल हैं।
समारोह में संस्थान के अध्यक्ष प्रो. समीरन नंदी ने कहा कि एम्स में जल्द ही ट्रांसप्लांट सेंटर कार्य करने लगेगा, जिससे मरीजों को इसके लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने कहा कि एम्स देश की सीमाओं से सटा महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है। बताया कि यह संस्थान उत्तर भारत में पहला संस्थान है, जो बॉर्डर क्षेत्र में लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करा रहा है।
इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिल्ली से नीति आयोग के सदस्य प्रो. वीके पॉल, एम्स अध्यक्ष प्रो. समीरन नंदी व निदेशक प्रो. रवि कांत ने एम्स की शोध पत्रिका जनरल ऑफ मेडिकल एविडेंस के पहले अंक का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि एम्स की शोध पत्रिका का प्रकाशन का कार्य शुरू हो गया है, जिसमें भविष्य में एम्स ऋषिकेश ही नहीं बल्कि देश के अन्य संस्थानों में मेडिकल के क्षेत्र में होने वाले अनुसंधानों व शोधार्थियों के शोधपत्रों को प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एम्स में ट्रांसप्लांट सेंटर खुलने के बाद अंगप्रत्यारोपण कराना आम आदमी की पहुंच में हो सकेगा।
इस मौके पर डीन (एकेडमिक) प्रो. मनोज गुप्ता,उपनिदेशक (प्रशासन) अंशुमन गुप्ता, डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा, भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण जौलीग्रांट एयरपोर्ट के निदेशक डीके गौतम और वरिष्ठ प्रबंधक सुमित सक्सेना, प्रो.किम मेमन, प्रो. सोमप्रकाश बासू, प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह, प्रो. लतिका मोहन, प्रो. वर्तिका सक्सेना, डा. मधुर उनियाल, डॉ. अंकुर मित्तल, डॉ. अनुभा अग्रवाल, डॉ. अजीत भदौरिया, एसई अनुराग सिंह, रजिस्ट्रार राजीव चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी संतोष, जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल आदि मौजूद थे।
इन स्वास्थ्य सुविधाओं का किया लोकार्पण
ऋषिकेश। मरीजों की सुविधा के लिए ऑटो वॉक, कैप्सूल एंडोस्कोपी सर्विस, फैकल्टी वर्किंग स्टेशन, डिजिटल पोर्टेबल एक्स-रे, हाई टेंप्रेचर स्टीम, डाईसिनफैक्शन सिस्टम, जनऔषधि केंद्र का अतिरिक्त काउंटर, एचएलडी जेनरेटर सिस्टम, लौंड्री, लॉन टेनिस कोर्ट, रेडिएशन विभाग में लो एनर्जी लिनियर एसिलीरेटर (लीला मशीन), रोबोटिक नेविगेशन सिस्टम, ट्रॉमा सेंटर में नया ऑपरेशन थियेटर, रेडियो फिक्वेंसी एबलेशन सिस्टम, स्टूडेंट काउसिंलिंग सेंटर, डिजिटल फ्लेट पैनल फ्ल्यूरोस्कोपी कम रेडियोग्राफी सिस्टम, 2250 केवी जेनरेटर आदि का लोकार्पण किया गया। ब्यूरो