ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र निवासी एक छात्रा 20 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी । युवती के पिता की मांग पर पुलिस ने गंगा घाटों के आसपास के सीसीसीटीवी कैमरों की जांच की। घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में छात्रा गंगा की ओर जाती नजर आई। पुलिस ने छात्रा के गंगा में डूबने की आशंका के चलते सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
त्रिवेणी घाट पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को बनखंडी ऋषिकेश निवासी श्री राम ने अपनी बेटी मिनाक्षी (23) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ढालवाला के शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रही है। छात्रा के पिता ने बताया कि शुक्रवार सुबह को जब वे सो कर उठे तो उनकी बेटी घर से गायब थी। काफी देर तक आसपास तलाश करने के बाद भी उनकी बेटी कहीं नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि बीते क़ुछ दिनों से उनकी बेटी काफी टेंशन में थी। छात्रा के पिता की मांग पर पुलिस ने गंगा घाटों के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में शुक्रवार तड़के 1:45 बजे पर एक युवती गंगा में जाती हुई नजर आई। परिजनों ने कपड़ों से य़ुवती की पहचान अपनी बेटी मिनाक्षी के रूप में की। पुलिस और एसडीआरएफ ने छात्रा के गंगा में डूबने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।