अर्द्धकुंभ मेले में आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर तीर्थनगरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस, एसएसबी ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड टीम की मदद से रोडवेज बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, त्रिवेणी घाट पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों के सामान की जांच की गई।
हालांकि कहीं से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। रुड़की के मंगलौर क्षेत्र से आतंकी साजिश रचने के आरोप में पकड़े गए चार युवकों के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए शहर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अर्द्धकुंभ चक्रधर अंथवाल के नेतृत्व में पुलिस, सीमा सशस्त्र बल के जवानों ने रोडवेज बस अड्डे में तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध यात्रियों के सामान की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। रेलवे स्टेशन पर हेमकुंड एक्सप्रेस में यात्रियों का सामान खंगाला गया। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई।
शहर के सभी नाकों पर वाहनों की सघन तलाशी ली गई। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने या चौकी को सूचना देने की अपील की।
कतार में लगाएं बसें
रोडवेज बस अड्डे में तलाशी अभियान के दौरान प्लेटफार्म पर बेतरतीब खड़ी रोडवेज बसों से तलाशी की कार्रवाई प्रभावित होने पर चंद्रभागा अर्द्घकुंभ थाना निरीक्षक सुखपाल सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने रोडवेज के सहायक प्रबंधक को बसें कतार में लगवाने के निर्देश दिए।