लक्ष्मण झूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर गरुड़चट्टी के समीप एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में गंगा नदी में छलांग लगा दी। महिला को गंगा में कूदते देख स्थानीय लोगों ने भी नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने महिला को नदी से बाहर निकाला और उसे बेहोशी की हालत में 108 सेवा से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार कर उसकी जान खतरे से बाहर बताई है। एसपीएस राजकीय चिकित्सालय पहुंचे ग्राम कुकरेतीधार यमकेश्वर ब्लॉक निवासी महिला के बेटे ने बताया कि मां शारदा देवी (55) गांव में अकेली रहती है। कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में चल रही थी। संभवत इसी के चलते उन्होंने ऐसा कदम उठाया होगा। महिला इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।