लक्ष्मणझूला पुलिस हादसों से सबक नहीं ले रही है। सप्ताहभर पहले क्षेत्र में प्रतिबंधित घाट पर स्नान कर रहा हरियाणा का युवक डूबा था, जिसका शुक्रवार को ही शव गंगा से बरामद किया गया है, लेकिन फिर भी पुलिस प्रशासन को इसकी कोई परवाह नहीं है।
शुक्रवार को लक्ष्मणझूला-स्वर्गाश्रम क्षेत्र में पर्यटकों ने गंगा में डुबकी लगाई। इस दौरान कुछ पर्यटक पक्के और सुरक्षित घाटों को छोड़ प्रतिबंधित घाटों पर डुबकी लगाते हुए दिखाई दिए। अतिसंवेदनशील होने के बावजूद भी लक्ष्मणझूला पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
गौरतलब है कि इस वर्ष जनवरी से अब तक 17 पर्यटकों ने गंगा में डुबकी के दौरान अपनी जान गंवाई है। थाना लक्ष्मणझूला निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि घाटों पर जलपुलिस तैनात है, यदि ऐसी बात है तो इस ओर उचित कार्रवाई की जाएगी।