विभिन्न प्रांतों से चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को इन दिनों यात्रा के प्रवेश द्वार तीर्थनगरी में समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बीटीसी परिसर में पेयजल और सफाई की उचित व्यवस्था न होने पर श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बीटीसी परिसर में लगाया गया वाटर कूलर इन दिनों गर्म पानी उगल रहा है। ऐसे में यात्रियों को पीने के पानी को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा में जाने के लिए इन दिनों भारी संख्या में हर रोज यात्री बीटीसी परिसर पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए बीटीसी परिसर वाटर कूलर जरूर लगा है। लेकिन, वाटर कूलर तकनीकि खराबी होने के कारण गर्म पानी उगल रहा है। मार्गों पर उचित सफाई व्यवस्था नहीं है। इसके बाद भी शासन-प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।
क्या कहते हैं श्रद्धालु
सुना था कि ऋषिकेश बहुत सुंदर जगह है। लेकिन, यहां साफ-सफाई की व्यवस्था ही नहीं है। शहर का रखरखाव और अधिक बेहतर तरीके से किया जा सकता है। - राधेश्याम, श्रद्धालु राजस्थान
बस अड्डा पर पीने के पानी के लिए वाटर कूलर लगाया गया। लेकिन, वाटरकूलर से ठंठा पानी नहीं मिल पा रहा है। सुविधाएं जुटाने की जरूरत है।
-वासुदेव कृष्ण, राजस्थान
बस से आते वक्त सड़क पर कई जगहों पर कूड़े के ढेर दिखे, तीर्थनगरी में सफाई की व्यवस्था न होना बेहद गंभीर बात है। जिम्मेदार अधिकारियों को शहर में उचित सफाई व्यवस्था बनानी चाहिए। - मंजू देवी, राजस्थान
बस अड्डे में सफाई व्यवस्था न के बराबर है। प्याऊ के पास गंदगी है। वाटर कूलर से ठंठा पानी नहीं आ रहा है। सफाई और पेयजल व्यवस्था बनाने की अधिक जरूरत है। - रूपा देवी, राजस्थान
बीटीसी परिसर का वाटर कूलर खराब हो गया है। नया वाट रकूलर दो-तीन दिन के भीतर लगा दिया जाएगा। सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पालिका लगातार काम कर रही है। - वाईपीएस चौहान, ईओ नगर पालिका ऋषिकेश