ऋषिकेश। बाजार में वाहनों की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से चंद्रभागा पुल के नीचे अस्थाई पार्किंग बनाई गई थी, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन इस पार्किंग में वाहनों को खड़ा करने की बजाय लाजपत राय रोड पर खड़ी कर रहे हैं। जिससे पुराना टिहरी बस अड्डा रोड से लाजपत राय मार्ग की ओर से सुबह से शाम तक जाम जैसी स्थिति रहती है।
करीब दस साल से स्थानीय प्रशासन की ओर से चंद्रभागा पुल के नीचे अस्थाई पार्किंग बनाई गई थी। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले बोलेरो, मैक्स, लोडर, मिनी ट्रक आदि वाहनों को चंद्रभागा नदी में बनी अस्थाई पार्किंग में खड़ा करवाया जाता था। पार्किंग में ही वाहनों में माल लोड करवाया जाता था, लेकिन अब कुछ समय से पर्वतीय क्षेत्रों जैसे गजा, चाका, नरेंद्रनगर, गूलर, शिवपुरी, यमकेश्वर, भगुखाल, मोहनचट्टी आदि क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालक अपने वाहनों को चंद्रभागा नदी पार्किंग में खड़ा करने के बजाय सीधे पुराना टिहरी बस अड्डा से सटे लाजपतराय रोड पर खड़ा कर रहे हैं, बीच सड़क पर रही वाहनों में लोडिंग अनलोडिंग हो रही है। इससे लाजपत राय रोड पर जाम जैसी हालत रहती है। रही कसर दुकानदारों की ओर से अपनी दुकानों के आगे सब्जी की ठेलियों को खड़ा करवाने से स्थिति और बेकार हो रही है।
रोड पर अतिक्रण होने से चंद्रभागा पुल पर लग रहा जाम
पुराना टिहरी बस अड्डा तिराहे से चंद्रभागा पुल पार्किंग की ओर से बनी रोड पर खोखा संचालकों की ओर से बैंच बिछाने से चंद्रभागा पुल के नीचे जाने वाले और आने वाले वाहन को मेन रोड रोड होकर आना पड़ता है, इससे भी चंद्रभागा पुल चौराहे पर जाम की स्थिति बन जाती है।
कोट-
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों अपने वाहन चंद्रभागा पुल के नीचे ही पार्क करने होंगे, लाजपत राय रोड पर जो भी वाहन सड़क पर पार्क हुए मिलेंगे, उनके चालान काटे जाएंगे। शुक्रवार को लाजपत राय मार्ग पर पुलिस टीम की संयुक्त टीम की ओर से निरीक्षण किया जाएगा। पुराना टिहरी बस अड्डे रोड तिराहा चंद्रभागा नदी की ओर रस्सी बंधवाई जाएगी। जिससे वाहन सीधे मेन रोड पर आने की बजाय नदी में बनाई गई पार्किंग की ओर आएंगे।
- राजेंद्र कुमार, यातायात निरीक्षक ऋषिकेश
खाली पड़ी चंद्रभागा नदी की पार्किंग।- फोटो : RISHIKESH