डोईवाला। विधानसभा के लोगों को आज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत नवनिर्मित सूर्यधार बांध का तोहफा देंगे। सूर्यधार बांध से डोईवाला विधानसभा के तमाम गांवों की पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा। बांध पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी कारगर भूमिका निभाएगा।
थानो न्याय पंचायत के सिल्ला चौकी में जाखन नदी पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का ड्रीम प्रोजेक्ट सूर्यधार बांध बनकर तैयार हो गया है। आज मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत सुबह साढ़े दस बजे इसका लोकार्पण करेंगे। साल 2017 में मुख्यमंत्री ने इसकी आधारशिला रखी थी। आठ नवंबर को प्रोजेक्ट बनकर तैयार हो गया। कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग ने इसकी सूचना शासन को भी दे दी थी। सूर्यधार बांध को पर्यटक स्थल के रूप में भी विकसित करने की योजना है। गांवों के नैसर्गिक स्वरूप से पयर्टकों को लुभाया जाएगा। इसके अलावा इसे देहरादून के नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि योजना नौकायन के साथ लोगों को प्रकृति के दीदार करने का मौका मिले। माना यह भी जा रहा है कि सूर्यधार बांध से छोटे कैफे और रेस्ट्रोरेंट आदि विकसित होंगे जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सकेगा। वन पंचायत सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष करन बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह सा़े दस बजे थानो पहुंचेंगे। थानो में नवनिर्मित इको पार्क के निर्माण कार्यों का निरीक्षण और उसके बाद सूर्यधार बांध का लोकार्पण करेंगे।