चीनी मिल के पेराई सत्र की हुई समीक्षा, समय पर होंगे सभी ट्रायल
- सचिव ने पेराई सत्र शुरू होने से पहले सभी ट्रायल कराने के निर्देश दि
डोईवाला। शुगर मिल के पेराई सत्र की तैयारियों समेत रविवार को विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों को मिल के मरम्मत और रखरखाव के कार्य समय पर पूरा करने के अलावा सभी ट्रायल समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए गए। मिल परिसर में गन्ना विकास और चीनी उद्योग सचिव और प्रशासक सुरेंद्र नारायण पांडेय की अध्यक्षता में निदेशक मंडल की बैठक आयोजित की गई। इसमें डोईवाला और किच्छा चीनी मिल के पेराई सत्र की समीक्षा की गई। सचिव पांडेय ने पेराई सत्र शुरू होने से पहले मिल के सभी स्टेशनों और मशीनरी का ट्रायल अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद , गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्ताेलिया, अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह, संयुक्त आयुक्त हिमानी पाठक और महाप्रबंधक विजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
आधुनिकीकरण के लिए मांगी वित्तीय मदद
डोईवाला। चीनी मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह ने सचिव के समक्ष पुरानी मशीनरी के बदलाव के लिए शासन से मिल को आवश्यक वित्तिय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बैठक के बाद सचिव ने मिल परिसर में का निरीक्षण कर मरम्मत और रखरखाव के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मिल में साफ सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
वेतन कटौती का मुद्दा भी उठाया
डोईवाला। मिल के श्रमिक प्रतिनिधियों ने श्रमिकों की वेतन संबधित समस्याओं को रखा। श्रमिक प्रतिनिधियों ने पूर्व में की गई वेतन कटौती के स्थान पर पुनरीक्षित वेतनमान बहाल करने की मांग रखी व ज्ञापन भी सौंपा। श्रमिक प्रतिनिधियों ने बताया कि सचिव की ओर से अधिकारियों से मामले में आख्या मांगी जा रही है। इस दौरान कमल बहादुर, दिनेश वर्मा, अमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।