शहर की सड़कों पर निराश्रित पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
नगर पालिका शहर में निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोशाला पहुंचने के लिए मुहिम चला रही है लेकिन दिक्कत यह है कि निराश्रित पशुओं की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। निराश्रित पशुओं के कारण सड़कों पर जाम, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है।
बता दें कि आपस में लड़ते निराश्रित पशुओं की चपेट में आने से लच्छीवाला में दो लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, डोईवाला में आवाजाही कर रही एक महिला को निराश्रित पशु ने उठाकर पटक दिया था, जिससे वह जख्मी हो गई थी। नगर पालिका सभासद सुनीता सैनी ने बताया कि शहर में कहां से निराश्रित पशु आ रहे हैं। इसको लेकर गंभीर होना पड़ेगा। नगर पालिका शहर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से जांच करे।
नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि पालिका स्तर से निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कैटल कैचर वाहन भी लिया गया है। समस्या के निदान के लिए गोशालाओं से संपर्क भी किया जा रहा है।