- कोरियन, जर्सी, क्रॉप, फ्रॉक, जिपर शर्ट, बॉडीकॉन टॉप की बढ़ रही मांग
सोसल मीडिया पर वायरल डिजाइन बन रहे युवतियों की पसंद
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ ही कपड़ों के बाजार में भी फैशन का नया ट्रेंड दस्तक देने लगा है। घाट रोड बाजार के कपड़ा कारोबारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर जैसे ही किसी कपड़े का नया डिजाइन वायरल होता है उसकी मांग स्थानीय बाजार में भी पहुंच जाती है। इनमें जर्सी और कोरियन टॉप की अधिक मांग की जा रही है। ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए व्यापारियों को हर सप्ताह नए डिजाइन और वैरायटी का स्टॉक मंगाने के लिए ऑर्डर देना पड़ रहा है।
घाट रोड बाजार के कपड़ा व्यापारी आकांक्षा और प्रदीप कुमार ने बताया कि इन दिनों युवतियों के बीच जर्सी टी-शर्ट, ऑफ-शोल्डर, फ्रॉक टॉप, क्रॉप टॉप, जिपर शर्ट, बॉडीकॉन टॉप और स्ट्रैप वाले टॉप की मांग बढ़ी है। सोशल मीडिया पर नए डिजाइन देखने के बाद ग्राहक सीधे उन्हीं डिजाइनों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों के लिए बाजार के बदलते फैशन ट्रेंड के अनुरूप कपड़े उपलब्ध कराना जरूरी हो गया है। व्यापारियों के अनुसार, सुबह और शाम हल्की ठंड के बीच दोपहिया वाहनों से आवागमन करने वाले युवाओं के लिए जर्सी और टी-शर्ट जैसी वैरायटी आरामदायक भी साबित हो रही है। बाजार में इन कपड़ों की कीमत लगभग 500 से 1200 रुपये तक है। कपड़ा व्यापारी आकांक्षा ने बताया कि कोरियन टॉप भी कॉलेज जाने वाली युवतियों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। कॉलेज छात्राओं में इनकी मांग अधिक है। त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ ही इनकी बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों ने बाजार में नए डिजाइन और बदलते फैशन ट्रेंड के अनुरूप कपड़ों की नई खेप मंगाने की तैयारी शुरू कर दी है। कारोबारियों का मानना है कि इस बार सोशल मीडिया ट्रेंड और त्योहारों की खरीदारी कपड़ों के बाजार में बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।