ऋषिकेश। योगनगरी में लंबे समय से स्मैक तस्करी के काले कारोबार से जुड़े एक तस्कर को पकड़ने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। आरोपी के पास से पुलिस को 40.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट के निर्देश पर मुनिकीरेती पुलिस अवैध नशे की सप्लाई और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में चेकिंग व छापामारी अभियान चला रही है। मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नगर रविंद्र कुमार चमोली ने मुनिकीरेती थाने में स्मैक तस्करी के एक मामले का खुलासा किया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि सोमवार को मुखबिर की सूचना पर मुनिकीरेती पुलिस और एसओजी की संयुक्त ने टीम ने कैलाघाट चौकी क्षेत्र के खारास्रोत से एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया। तस्कर की स्कूटी से पुलिस को 40.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी की पहचान कमल वाधवा निवासी निकट आरपीएस स्कूल, गली नंबर दो, गंगानगर कोतवाली ऋषिकेश, जिला देहरादून के रूप में हुई है। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में स्मैक की तस्करी कर रहा था। इस दौरान मुनिकीरेती थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी, एसओजी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला और एसआई योगेंद्र सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।