थानो एयरपोर्ट मार्ग के मोड़ पर नहीं हैं रोड साइन- संवाद
- क्रैश बैरियर से टकराकर दुर्घटना के शिकार हो रहे वाहन सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। थानो क्षेत्र में भूमिया मंदिर से एयरपोर्ट के मध्य सड़क पर रोड संकेतक न होने से वाहन सवार अनियंत्रित होकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। इसका न तो तहसील प्रशासन न ही पुलिस संज्ञान ले रही है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी उदासीन बने हुए हैं।
थानो-भानियावाला मार्ग पर भूमिया मंदिर से एयरपोर्ट के मध्य 300 मीटर दूरी तक रोड एकदम सीधी है। इसके बाद कुड़ियाल गांव वाले रोड के सामने इस मार्ग पर एकदम दाहिनी ओर सड़क पर तीव्र मोड़ है। रात में देहरादून या फिर थानो से एयरपोर्ट की ओर आने वाले चालक भूमिया मंदिर से एकदम तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं। इस मोड़ से पहले रोड संकेतक (ऐरो का चिह्न) न होने के कारण चालक मोड़ का अंदाजा नहीं लगा पाते है। जब तक अंदाजा मिलता है तब तक वाहन सामने लगाए गए क्रैश बैरियर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो जाता है। हर महीने यहां पर करीब पांच से छह लोग दुर्घटना के शिकार होते हैं। इस मार्ग पर लोनिवि की ओर से पूर्व में कई बार रोड साइन और रेडियम के पोस्ट लगाए गए थे लेकिन इसे कबाड़ी चोरी कर ले गए। इस पर लोनिवि ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एयरपोर्ट मार्ग पर विभाग की ओर से जो साइनबोर्ड लगाए गए थे उनमें से कुछ चोरी हो गए थे। इस संबंध में डोईवाला पुलिस को तहरीर दी गई थी। जिन स्थानों पर रोड साइन नहीं हैं वहां पर फिर लगाए जाएंगे।
-बीएन द्विवेदी, ईई लोनिवि ऋषिकेश